समस्तीपुर में करंट लगने से विवाहिता की मौत,भाई की मौत के बाद दामाद ने भाभी से की शादी
समस्तीपुर में मंगलवार को करंट लगने से एक विवाहिता की मौत हो गई। हालांकि, मृतका के पिता ने ससुरालवालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल, घटना की सूचना के बाद पुलिस ने नवविवाहिता की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मृतका के पिता के बयान पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना वारिसनगर थाना क्षेत्र के छतनेश्वर गांव की है.मृतका की पहचान छतनेश्वर गांव के रहने वाले चंदन राम की पत्नी 20 साल की काजल देवी के रूप में की गई है।
मृतका काजल का मायका #रोसरा थाना क्षेत्र के पचगामा गांव में था। मृतका के पिता जीवछ राम ने बताया कि मैंने अपनी बेटी की शादी एक साल पहले की थी। शादी में अपनी हैसियत से दान-दहेज भी दिया था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मेरे दामाद चंदन राम के बड़े भाई प्रवीण राम की मौत हो गई थी। इसके बाद उनके दामाद ने अपनी भाभी को भी पत्नी के रूप में रखने लगा था, जिस कारण पति-पत्नी में तनाव भी हो रहा था।
जीवछ राम ने बताया कि मंगलवार दोपहर परिवार के लोगों की ओर से सूचना दी गई कि काजल की करंट लगने से मौत हो गई है। इसके बाद मैं गांव के कुछ लोगों के साथ वारिसनगर पहुंचा। मैंने देखा कि पुलिस पहले से मेरी बेटी के ससुराल पहुंची है। वहां मुझे बेटी के ससुरालवालों की ओर से बताया गया कि मोबाइल चार्ज में लगाने के दौरान काजल को करंट लग गया था।
मृतका के पिता बोले- साजिश के तहत हत्या का शक
मृतका के पिता ने शक जाहिर किया है कि बेटी के पति की ओर से अपनी भाभी से शादी कर लिए जाने के कारण दोनों के बीच तनाव चल रहा था। उन्हें शक है कि इसी वजह से साजिश के तहत उसे करंट लगाकर मारा गया है। उन्होंने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
काजल कुमारी की चचेरी सास निर्मला देवी ने बताया कि घटना के दौरान सभी लोग घर पर ही थे। काजल मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर प्लग में लगाने गई थी। इसी दौरान उसे करंट लग गया। मोबाइल हाथ में रह गया। काजल की ओर से शोर मचाने के बाद हम लोगों ने मेन स्वीच को बंद किया, लेकिन तब तक बहू की मौत हो चुकी थी।वहीं, सदर डीएसपी 2 संजय कुमार ने बताया कि करंट लगने से विवाहिता की मौत हुई है। हालांकि परिवार के लोगों की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में अभी अपने स्तर से जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
