पिता को कॉल कर बोली…’अब आपकी एक ही बेटी है’:बूढ़ी गंडक में युवती ने लगाई छलांग
मुजफ्फरपुर में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सिकंदरपुर पुल से एक विवाहिता ने बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने अपने पिता को फोन कर कहा, “पापा, अब आपकी एक ही बेटी है… मैं आत्महत्या करने जा रही हूं।”
सिकंदरपुर पुल से लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे महिला ने सिकंदरपुर पुल से बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में वह करीब 200 मीटर दूर आश्रम घाट तक बह गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के आसमा गांव निवासी जयनंदन राम की पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। मौसा चुलाई राम ने बताया कि रविवार सुबह अंशु घर से निकली थी। करीब 9 बजे उसने अपने पिता को आखिरी बार फोन किया था। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजन उसकी तलाश में जुटे ही थे कि बूढ़ी गंडक नदी में कूदने की सूचना मिली।
एक महीने से मायके में रह रही थी
परिजनों के अनुसार अंशु की शादी दो वर्ष पहले बेराई गांव में हुई थी। शादी के बाद से उसका पति और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। पति से अक्सर फोन पर भी विवाद होता था। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
मौत के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बूढ़ी गंडक के किनारे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
