समस्तीपुर सदर अस्पताल में MLCU सेवा का उद्घाटन
समस्तीपुर सदर अस्पताल में मातृ-नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिडवाइफरी-लेड केयर यूनिट (MLCU) का उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी ने इस यूनिट का शुभारंभ करते हुए कहा कि भारत सरकार की यह पहल महिलाओं को वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित, सम्मानजनक और महिला-केंद्रित मातृत्व देखभाल देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस यूनिट में प्रशिक्षित नर्स प्रैक्टिशनर इन मिडवाइफरी (NPMs) गर्भावस्था, प्रसव और प्रसवोत्तर अवधि में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देंगी। इससे सामान्य प्रसव को बढ़ावा मिलेगा और मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी सहायता मिलेगी।डिलीवरी के लिए आई एक महिला अनीता देवी ने बताया कि पहले सदर अस्पताल में आने से लोग डरते थे और यहां डिलीवरी कराने नहीं आते थे, लेकिन अब अस्पताल की व्यवस्था में सुधार देखकर उन्हें संतुष्टि है।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि समस्तीपुर जिले में एमएलसीयू को प्रभावी ढंग से स्थापित करने और इसकी सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सहयोगी संस्था Jhpiego ने तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मिडवाइफ के माध्यम से महिलाओं को अधिक संवेदनशील और सम्मानजनक प्रसव सेवाएं मिलेंगी, जिससे स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होगा।
प्रसव के दौरान अनावश्यक चिकित्सीय हस्तक्षेप को कम करने और प्राकृतिक-सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मौके पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बीएनआरसी पटना के रजिस्ट्रार, झपाइगो के कार्यक्रम निदेशक नरोत्तम प्रधान, रुकसाना खातून, यूनिसेफ की प्रतिनिधि डॉ. प्रेरणा, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति समस्तीपुर के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने एमएलसीयू की स्थापना को जिले के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके सफल संचालन के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
