समस्तीपुर:हाई स्कूल में कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन
समस्तीपुर,होली मिशन हाई स्कूल, समस्तीपुर के प्रांगण में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने तथा कारगिल विजय में बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए देशभक्ति से ओत-प्रोत एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायी एकांकी की प्रस्तुति दी गई, जिससे छात्र-छात्राओं को भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान से परिचित होने का अवसर मिला। प्री-पराइमरी के नन्हे बच्चों ने सैनिक गणवेश में अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम की प्रस्तुति से सबको सम्मोहित कर दिया।
वर्ग 4 के छात्र प्रत्युष राज ने अपने ओजपूर्ण संक्षिप्त अभिव्यक्ति से सैनिकों के देश के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और अवर्णनीय त्याग पर प्रकाश डालकर प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में उपस्थित सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं के साथ-साथ सभी छात्र/छात्राओं में देश प्रेम की भावना को जागृत कर कार्यक्रम में चार-चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सैनिक गणवेश में उपस्थित छोटे-छोटे बच्चों के पीछे भारत माँ की प्रतीक बनी वर्ग 4 की छात्रा आस्था के हाथों में तिरंगा को सलामी देकर किया गया।
मौके पर उपस्थित होली मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक क्षेत्र के भावी प्रत्याशी डॉ० धर्मांश रंजन (अंकुर), प्राचार्य श्री अमृत रंजन, विद्यालय के उपनिदेशक श्री आकर्ष रंजन, प्राचार्य श्री गंगाधर झा, पूर्व प्राचार्य डॉ० एस० के० अहमद आदि के साथ विद्यालय के सभी शिक्षक/शिक्षिकाएँ उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री अमृत रंजन ने कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ० धर्मांश रंजन ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय सेना कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन विजय’ को सफल बनाया।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वीर सैनिकों के त्याग, समर्पण और अनुशासन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम के समापन में प्राचार्य गंगाधर झा ने सभी प्रतिभागियों को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए धन्यवाद देते हुए उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम की संयोजिका के रूप में प्रिया मैम एवं सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
