हादसे के 13 दिन बाद 5वीं मौत:बेगूसराय में दो कार के बीच हुई थी टक्कर,इलाज के दौरान मौत
बेगूसराय में एनएच-31 फोरलेन पर 29 जून की रात सड़क हादसा हुआ था। जिसमें एक और मौत हो गई है। घायल रूपेश कुमार (22) का अब तक इलाज चल रहा था। इसकी मौत के बाद मरने वालों की संख्या 5 हो गई है।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड नंबर-37 के रहने वाले मुकेश साह के इकलौते बेटे रूपेश कुमार (22) के रूप में हुई है। हादसे के बाद से ही रूपेश को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद लाश परिजनों को सौंप दिया है।
आर्थिक तंगी के बावजूद दोस्तों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने चंदा इकट्ठा कर अपनी क्षमता के अनुसार मदद किया, पर जान नहीं बची। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास हुई थी।29 जून की रात युवक एक स्कॉर्पियो से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे, जबकि दूसरी स्कॉर्पियो बारात लेकर लौट रही थी। इसी दौरान अंग्रेजी ढाला के समीप दोनों गाड़ियों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए थे और मौके पर ही तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं, बारात वाली स्कॉर्पियो के चालक राजा कुमार की पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
आर्थिक तंगी के बीच अपनों ने झोंकी थी ताकत
मृतक के मामा सुजीत कुमार ने बताया कि रूपेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह बेहद मेहनती, सरल और मिलनसार स्वभाव का युवक था। परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी, इसलिए वह घर के भरण-पोषण के लिए जो भी काम मिलता था, उसे पूरी ईमानदारी से करता था। वह फोटोग्राफी, डीजे ऑपरेटर, पेंटिंग और ड्राइविंग जैसे काम करके माता-पिता का सहारा बना हुआ था।
इकलौते बेटे को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पोखरिया वार्ड नंबर-37 में इस खबर के बाद से चूल्हे तक नहीं जले हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने पांच अलग-अलग परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं। कई दिनों बाद एक और घायल की मौत की इस खबर ने उस रात की दर्दनाक यादों को ताजा कर दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
