महिला की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों ने शव गायब किया:पति ने दूसरी शादी कर पहली पत्नी को निकाला
हाजीपुर।जंदाहा थाना क्षेत्र के महिसौर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने शव को गायब कर दिया।मृतका की पहचान रीता देवी (37) के रूप में हुई है, जो पप्पू राय उर्फ नंद किशोर राय की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका बखरी बराई गांव निवासी जगत राय की पुत्री थीं। उनके मायके वालों को ससुराल पक्ष ने बताया कि रीता देवी ने सल्फर जहर खा लिया था, जिससे उनकी मौत हो गई और उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस सूचना के बाद जब मायके वाले महिसौर गांव पहुंचे, तो उन्होंने घर को खाली पाया और सभी आरोपी फरार थे।
मृतका की भाभी रेखा देवी ने बताया कि रीता देवी की शादी साल 2007 में हुई थी। कुछ विवादों के चलते उनके पति पप्पू राय ने दूसरी शादी कर ली थी और वह रीता को अपने साथ नहीं रखना चाहते थे। मायके वालों ने आसपास के जंगलों और झाड़ियों में भी शव की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।पप्पू राय के पिता उपेंद्र राय पेशे से जन वितरण प्रणाली के दुकानदार हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
