विद्यापतिनगर में अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी:चार युवक घायल
समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार चार युवक घायल हो गए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। यह हादसा वाजिदपुर पंचायत के फरसा चौक के समीप हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से हरपुर बोचहा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-122बी के निर्माण के बाद से वाहनों की रफ्तार काफी बढ़ गई है। तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण इस राजमार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि नियमित वाहन जांच और गति नियंत्रण में सख्ती की कमी के कारण हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से राजमार्ग पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई करने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
