समस्तीपुर में ट्रक ड्राइवर का शव घर में मिला:भाई ने पड़ोसी पर लगाया मर्डर का आरोप
समस्तीपुर के अंगारघाट थाना क्षेत्र में एक 23 साल के युवक का शव उसके घर के कमरे में बांस के बल्ले से लटका मिला है। मृतक के परिजनों ने दो फीट रास्ते के विवाद को लेकर युवक की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के वीरनामा तुला वार्ड संख्या-12 निवासी दिनेश राय के बेटे चंदन कुमार (23) के रूप में हुई है। चंदन कुमार पेशे से ट्रक चालक था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
दोनों पक्षों में है तनाव
मृतक के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि उनके परिवार और गोतिया पक्ष के गजेंद्र राय, अशोक राय और शंकर राय के बीच पिछले तीन दिनों से दो फीट रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण उनके भाई चंदन की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। परिजनों के अनुसार, बगल के गांव चैता में यज्ञ का मेला लगा हुआ था। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य मेला देखने गए थे, जबकि चंदन कुमार रात करीब 10 बजे घर पहुंचा और अकेला था। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे और करीब 9 बजे एक कमरे पर उनकी नजर पड़ी, तो चंदन कुमार का शव लूंगी के सहारे बांस के बल्ले से लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना अंगारघाट थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना को लेकर अंगार थाना अध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
