Dalsinghsarai

दलसिंहसराय:परिवार ने जिसे मरा समझा,उसने शादी का भेजा VIDEO:कहा- मैं अभी जिंदा हूं

दलसिंहसराय ।मैं अनीषा (19), समस्तीपुर की रहने वाली हूं। मैंने रोहित (22) से अपनी मर्जी से शादी की है। मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं है। मैं जहां भी हूं, खुश हूं। पापा-मम्मी, कृपया मेरे पति और उनके परिवार को किसी भी तरह से परेशान न करें। मैं जिंदा हूं। आज 29 जून है और सुबह के 9 बजकर 14 मिनट हो रहे हैं।”

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

ये बातें उस युवती ने वीडियो जारी कर कही हैं, जिसे उसके परिजन मृत समझ रहे थे। दरअसल, 27 जून को बेगूसराय में बोरी में एक युवती का सड़ा-गला शव मिला था। परिजनों को आशंका थी कि वह शव अनीषा का है। हालांकि, अनीषा ने खुद अपनी शादी का वीडियो जिले के DSP को भेजकर बताया कि वह सुरक्षित है।अनीषा ने कुछ दिन पहले रोहित से भागकर शादी कर ली थी। शादी का वीडियो खुद अनीषा ने DSP को भेजा है।शादी के बाद अनीषा ने अपने पति रोहित के साथ वीडियो जारी किया है।

कॉलेज में साथ पढ़ाई करते हैं

 

पुलिस के अनुसार, अनीषा और रोहित दलसिंहसराय कॉलेज में पार्ट-2 के छात्र हैं। दोनों का करीब चार साल से अफेयर चल रहा था। अनीषा विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के भजनगामा गांव की रहने वाली है।उसका घर कॉलेज से करीब 10Km दूर है। कॉलेज आने-जाने के दौरान दोनों की मुलाकात होती थी। इसी बीच दोनों ने शादी करने का फैसला किया, लेकिन उन्हें डर था कि परिवार उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं करेगा। काफी सोच-विचार के बाद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली।

 

21 जून को दवा लाने के बहाने घर से निकली थी

 

अनीषा 21 जून को अपनी दादी की दवा लाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई। परिजन काफी देर तक उसके लौटने का इंतजार करते रहे। उन्हें लगा कि वह वापस आ जाएगी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची।इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 23 जून को अनीषा की मां सरस्वती देवी ने थाने में उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया।बेगूसराय में बोरी बंद लाश को परिजन ने अनीषा की लाश समझ लिया था।

अनीषा के बॉयफ्रेंड पर अपहरण का आरोप लगाया

 

FIR में युवती की मां ने आरोप लगाया कि दलसिंहसराय मथुरापुर का रोहित कुमार और उसके सहयोगी ने मिलकर बेटी का अपहरण किया है। आरोप लगाया कि रोहित शादी की नीयत से अनीषा को उठा ले गया है।प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन 26 जून तक कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान जिला के सीमावर्ती गढपुरा थाना क्षेत्र में बोरी में बंद एक युवती की लाश मिली। परिजन मौके पर पहुंचे।

 

परिजन का कहना था कि लाश अनीषा की है, लेकिन पुलिस नहीं मान रही थी।

 

पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि सोमवार सुबह अनीषा ने एक वीडियो बनाकर दलसिंहसराय के DSP विवेक कुमार शर्मा को भेज दिया। इसके बाद DSP ने परिजनों को विद्यापतिनगर थाने बुलाया।थाने में DSP ने अनीषा की तस्वीर और बोरी में मिले शव की तस्वीर का मिलान परिजनों से कराया। पुलिस ने परिजनों के सामने स्पष्ट किया कि बोरी में मिला शव अनीषा का नहीं है। इस बीच अनीषा की शादी का वीडियो भी सामने आया है।फिलहाल उसका लोकेशन दरभंगा में ट्रेस हुआ है। इसी आधार पर पुलिस की टीम दरभंगा के लिए रवाना हो गई है।

 

जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा

 

दलसिंहसरारय के DSP विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि लापता युवती का वीडियो सामने आया है। पुलिस टीम उसकी बरामदगी के लिए लगी हुई है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!