समस्तीपुर के आदर्शनगर में छात्रा की संदिग्ध स्थिति में मौत, फंदे से लटका मिला शव
समस्तीपुर.शहर के आदर्शनगर मोहल्ले में एक युवती का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान वैशाली जिले के जनदाहा गौसपुर निवासी रविंद्र राय की पुत्री रोशनी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी।
बताया जाता है कि घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसकी मां कुछ दिन पहले ही दूसरे बेटे के पास शिलांग गई थी। घटना की जानकारी परिवार को एक युवक के माध्यम से दी गई, जिसके बाद परिजन समस्तीपुर पहुंचे। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि एक युवक लंबे समय से उसकी बहन को परेशान कर रहा था और उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह मारपीट और धमकी तक देता था।
परिजनों का कहना है कि इसी युवक ने साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजन के आवेदन पर हत्या से संबंधित मामला दर्ज कर पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
