समस्तीपुर:मंदिर के पास अश्लील गाना बजाने से मना करने पर बढ़ा विवाद;गला दबाकर हत्या
समस्तीपुर में एक युवक को पहले पीटा गया फिर उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 22 साल के विजय कुमार के रूप में हुई है।ब्रह्म काली मंदिर में पूजा के दौरान भोजपुरी गाना बजाने के विवाद को लेकर ये हत्या की गई है। मामला हलई थाना क्षेत्र के वार्ड 9 का है। मर्डर के बाद गांव में दो गुटों के बीच तनाव का माहौल है।
अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरी खबर
मृतक के चचेरे भाई उमेश पंडित ने बताया कि विजय राजस्थान में काम करता था। 3 साल बाद करीब एक महीना पहले गांव आया था।गुरुवार रात गांव के ही सागर राय के बेटे सन्नी कुमार की शादी थी। शादी के पहले सन्नी अपने परिवार और दोस्तों के साथ डीजे साउंड के साथ पूजा के लिए काली मंदिर के पास पहुंचा था।
आरोप है कि डीजे वाला मंदिर के पास अश्लील भोजपुरी गाना बजाकर डांस कर रहे थे। मंदिर के पास में ही विजय का घर है, उसने डांस कर रहे लोगों से कहा कि भोजपुरी के बदले धार्मिक गीत बजाओ। मंदिर के पास आकर ऐसे गाने क्यों बजा रहे हो।विजय के विरोध के बाद दूसरे पक्ष के लोगों विजय से लड़ने लगे। सन्नी और उसके दोस्तों ने बहस के बाद विजय को पीटना शूरू कर दिया।
विजय ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सभी ने मिलकर उसका गला दबा दिया और उसे मार दिया।
आवेदन के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
आरोपी सन्नी की शादी रात में ही थी। शादी संपन्न हुई है। अभी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई है। पीड़ित पक्ष अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। जिस कारण प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया है।
पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी का कहना है कि सुबह से पुलिस टीम दो बार पीड़ित परिवार के पास गई थी, लेकिन अब तक बयान नहीं हो पाया है। पीड़ित पक्ष अंतिम संस्कार के बाद आवेदन देने की बात कही है।संदिग्ध हालत में युवक की मौत हुई है। परिवार वालों ने गला घोंटने का भी आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पीड़ित परिवार की ओर से अभी आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
