नीट-यूजी -2026:फ्रिस्किंग और बायोमीट्रिक जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश,तैयारियों की समीक्षा
समस्तीपुर.मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी -2026 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सात परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को फ्रिस्किंग (सघन तलाशी) और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर लगाने वाली एजेंसी 20 जून तक सभी उपकरणों की स्थापना सुनिश्चित करे। इसके साथ ही उपकरणों का ट्रायल और रिहर्सल भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर तकनीकी खराबी या उपकरणों में समस्या पाई जाती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित एजेंसी और एनटीए के स्टेट कोऑर्डिनेटर को दी जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) प्रेम झा सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। क्षेत्रीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।
हर गतिविधि पर रहेगी निगरानी पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि, फर्जीवाड़ा या अंतिम समय में बदलाव को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान यह भी निगरानी रखी जाए कि कोई अभ्यर्थी केंद्र से बाहर जाकर दोबारा प्रवेश तो नहीं कर रहा है। साथ ही उसके पहनावे या अन्य गतिविधियों में किसी प्रकार का बदलाव होने पर भी नजर रखी जाए।
सुविधा पर भी फोकस भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त शेड की व्यवस्था की जाए, ताकि प्रवेश के दौरान इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को धूप से राहत मिल सके। जहां पहले से शेड उपलब्ध हैं, उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
