नवीन ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त किया,दिया बधाई
दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के वर्ष 2019 बैच के छात्र नवीन प्रकाश ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्राप्त कर महाविद्यालय, परिवार तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. उनकी इस उपलब्धि से संस्थान में हर्ष का माहौल है और शिक्षकों, छात्रों एवं पूर्व छात्रों ने उन्हें बधाई दी है. इस गौरवपूर्ण अवसर पर डीसीई परिवार की ओर से नवीन प्रकाश को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य जीवन की कामना की गई. महाविद्यालय के पूर्व छात्र प्रकोष्ठ (एलुमनाई सेल) के प्रभारी विनायक झा ने कहा कि नवीन प्रकाश की सफलता संस्थान के विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि वर्तमान छात्रों को देश सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का उत्साह भी प्रदान करेगी. एलुमनाई सेल को अपने इस पूर्व छात्र की सफलता पर गर्व है.
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. चंदन कुमार ने अपने संदेश में कहा कि नवीन प्रकाश का भारतीय सेना जैसे प्रतिष्ठित संगठन में अधिकारी के रूप में चयन पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है. यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट व्यक्तित्व का परिचायक है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन प्रकाश देश सेवा के पथ पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा डीसीई दरभंगा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे. दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग परिवार ने लेफ्टिनेंट नवीन प्रकाश को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पुनः बधाई देते हुए उनके सफल एवं गौरवशाली सैन्य जीवन की कामना की है.