घंटो लेट पहुंची मुंबई से दरभंगा स्पाइसजेट की विमान,एयरपोर्ट पर परेशान रहे यात्री
दरभंगा. स्पाइसजेट की लचर सेवा एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी. जानकारी के अनुसार सोमवार को मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट निर्धारित समय से काफी देरी से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंची, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. खासकर भीषण गर्मी और उमस के बीच एयरपोर्ट के बाहर इंतजार कर रहे यात्री कंपनी की व्यवस्था को लेकर नाराज दिखे. जानकारी के अनुसार मुंबई-दरभंगा स्पाइसजेट विमान को सुबह 10:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचना था, लेकिन फ्लाइट दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंची. विमान के घंटों विलंब होने के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ लगी रही. खासकर प्रतिकूल मौसम के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी.
दोपहर बाद 2.20 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुआ विमान
विमान के देर से पहुंचने का असर वापसी सेवा पर भी पड़ा. दरभंगा से मुंबई जाने वाली फ्लाइट को सुबह 10:50 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यथास्थिति के कारण विमान दोपहर बाद करीब 2:20 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुआ. लंबे इंतजार के कारण यात्रियों में नाराजगी साफ देखी गई. कई यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन पर अव्यवस्था और लगातार खराब सेवा देने का आरोप लगाया. यात्रियों का कहना है कि स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार देरी आम बात हो गई है, लेकिन कंपनी की ओर से यात्रियों की सुविधा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती. गर्मी के बीच घंटों इंतजार करना लोगों के लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ.
पांच महानगरों के लिये उड़े 18 विमान
सोमवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता समेत पांच महानगरों के लिए कुल 18 विमानों की आवाजाही हुई, हालांकि स्पाइसजेट की देरी वाली उड़ान दिनभर चर्चा का विषय बनी रही. लगातार उड़ानों में हो रही देरी को लेकर यात्रियों ने विमानन कंपनियों से समय पालन सुनिश्चित करने और एयरपोर्ट पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. अन्य कंपनियों के विमानों का परिचालन करीब- करीब समय से हुआ.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
