जयनगर रेलवे का आईजी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जयनगर:जयनगर रेलवे स्टेशन तथा नेपाली रेलवे क्षेत्र का शुक्रवार को रेलवे पुलिस महानिरीक्षक (आईजी)अमरेश कुमार एवं रेल पुलिस अधीक्षक वीणा कुमारी ने संयुक्त रुप से निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा सीमा क्षेत्र में संचालित रेल सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान आईजी अमरेश कुमार ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जयनगर रेलवे स्टेशन भारत-नेपाल के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क का केंद्र है, इसलिए यहां सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन किया जाना आवश्यक है. रेल एसपी वीणा कुमारी ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की.
उन्होंने भविष्य में जनकपुर से जयनगर होते हुए अयोध्या तक प्रस्तावित रेल सेवा के संचालन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष बल दिया.
कहा कि नई रेल सेवा शुरु होने के बाद यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा संसाधनों एवं निगरानी तंत्र को और सशक्त बनाया जाएगा.
अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) तथा स्थानीय पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी रणनीतियों पर भी चर्चा की.
बैठक में सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन परिसर में गश्ती बढ़ाने तथा आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर जयनगर के डीएसपी सदानन्द कुमार, डिप्टी कमांडेंट विमल गुप्ता, जयनगर थाना प्रभारी अमित कुमार, आरपीएफ प्रभारी गोविंद सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी गुंजन कुमार, नेपाली स्टेशन अधीक्षक एस एल मीना सहित कई पुलिस एवं सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को सतर्कता बरतने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
