Patna

बिहार में किसान की दो बेटियों ने रच दिया इतिहास, CISF में चयनित होकर बढ़ाया मान

पटना.सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड की दो सगी बहनों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली शिवानी यादव और वर्षा यादव आज देश की सुरक्षा में अहम जिम्मेदारी निभा रही हैं. उनकी सफलता से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

दरौंदा की दो बेटियों ने बढ़ाया सीवान का मान

सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड की पिनर्थु पंचायत के इंदापुर गांव निवासी किसान हरेराम यादव की दोनों बेटियों ने वह उपलब्धि हासिल की है, जिसकी परिवार ने कभी कल्पना भी नहीं की थी. स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) के माध्यम से दोनों बहनों का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयन हुआ है. उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी की लहर है.

 

पहले प्रयास में मिली सफलता

दोनों बहनों की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई पश्चिम बंगाल बोर्ड से हुई है. बड़ी बहन शिवानी यादव ने वर्ष 2016 में मैट्रिक, 2018 में इंटर और 2021 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वर्ष 2023 में उनका चयन CISF में हुआ. वहीं छोटी बहन वर्षा यादव ने 2019 में मैट्रिक, 2021 में इंटर और 2024 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2025 में CISF में सफलता हासिल की.

 

गृह मंत्रालय की सुरक्षा और दिल्ली मेट्रो में है

वर्तमान में शिवानी यादव गृह मंत्रालय की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रही हैं. वहीं वर्षा यादव दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा में तैनात हैं. दोनों बहनें देश की सुरक्षा में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं, जिससे परिवार और गांव के लोग खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.दोनों बहनों के पिता हरेराम यादव कोलकाता में खटाल का संचालन करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटियों की शिक्षा और सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी. आज उनकी मेहनत का परिणाम पूरे समाज के सामने मिसाल बनकर खड़ा है.

 

सेल्फ स्टडी बनी सफलता की कुंजी

अपनी सफलता पर शिवानी और वर्षा ने बताया कि उन्हें पहले ही प्रयास में सफलता मिली. उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन पढ़ाई को दिया. उनका कहना है कि आज पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं. जरूरत केवल सही दिशा में मेहनत और समय के बेहतर उपयोग की है.

 

प्रतियोगी छात्रों को दिया खास संदेश

दोनों बहनों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, विशेषकर बेटियों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार जारी रहे तो सफलता निश्चित मिलती है. उन्होंने सलाह दी कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को कक्षा 5वीं से 12वीं तक की NCERT पुस्तकों का गहन अध्ययन जरूर करना चाहिए, क्योंकि यही मजबूत नींव आगे की सफलता का आधार बनती है.

 

गांव पहुंचते ही हुआ भव्य स्वागत

CISF में चयन के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर शिवानी और वर्षा का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, डीजे और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया. इस अवसर पर वार्ड सदस्य हजरत अली, ऋषि कुमार यादव, ब्रजेश यादव, ललन यादव, झूलन यादव, बबन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने दोनों बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!