शादी के 3 महीने बाद पति-पत्नी का मिला शव: इंटरकास्ट मैरिज का कर रहे थे विरोध
वैशाली में पति-पत्नी का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रवि कुमार (26) और उनकी पत्नी उर्मिला कुमारी (21) के रूप में हुई है। दोनों की 3 महीने पहले 27 फरवरी 2026 को शादी हुई थी।हत्या का आरोप रवि के छोटे भाई पर लगा। मृतक रवि कुमार 2 भाइयों में बड़े थे। बताया जा रहा है कि छोटे भाई सुमन कुमार ने रवि की शादी से पहले इंटरकास्ट मैरिज की थी। 2 महीने पहले वो अपनी बीवी को घर लेकर आया था।
रवि और उर्मिला इस विवाह का लगातार विरोध कर रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुमन ने अपने बड़े भाई और भाभी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने दोनों के शवों को छत से लटका दिया।घटना के बाद से सुमन और उसकी बीवी फरार है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना पकड़ी चौक से करीब 200 मीटर अंदर की है।
3 महीने पहले धूमधाम से हुई था शादी
मृतका उर्मिला कुमारी के बड़े भाई सोनू कुमार ने बताया, “फरवरी में हमने अपनी बहन की शादी धूमधाम से की थी। मेरी बहन और बहनोई दोनों इस रिश्ते से खुश थे।हालांकि, बहन ने कई बार बताया था कि उसे ससुराल में परेशान किया जाता है। यहां तक कि शादी के बाद पहली होली पर भी उसे मायके नहीं आने दिया गया।मेरे बहनोई हाइवा चालक थे, इसलिए वे अधिकतर समय काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते थे। शादी से पहले उन्होंने अपनी कमाई से घर बनवाया था।”
2 महीने पहले पत्नी को लेकर घर आया देवर
मृतका के भाई सोनू कुमार ने आगे बताया, “मेरी बहन का देवर सुमन कुमार अंतरजातीय विवाह करने के बाद घर से अलग रह रहा था। बहन की शादी के करीब दो महीने बाद वह पहली बार अपनी पत्नी को लेकर घर आया था।मेरे बहनोई इस विवाह का विरोध कर रहे थे। वे सुमन और उसकी पत्नी को घर में नहीं रखना चाहते थे, जबकि उनके पिता छोटे बेटे को अपने साथ रखना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया था।
परिवार के कुछ लोगों का कहना था कि जिस जमीन पर घर बना है, उसमें उनका भी हिस्सा है। इसी वजह से सुमन भी उसी घर में रहेगा। यदि किसी को आपत्ति है, तो वह घर छोड़ सकता है।बीती रात करीब 11 बजे मेरे बहनोई काम से घर लौटे थे। इसी दौरान मेरी बहन ने फोन कर कहा कि वह अब उस घर में नहीं रहना चाहती। उसने बताया कि तुम्हारे जीजा कह रहे हैं कि वह कुछ समय के लिए मायके चली जाए।
जब वे जमीन खरीदकर अलग घर बना लेंगे, तब उसे वापस बुला लेंगे। तब मैंने बहन से कहा था कि मैं आ रहा हूं और उसे अपने साथ मायके ले जाऊंगा।”बिदुपुर अपर थाना अध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि पकड़ी गांव से सूचना मिली थी कि एक दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
