दलसिंहसराय:समर आर्ट कैंप में मंत्री हुए शामिल,कला एवं सांस्कृतिक विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा
दलसिंहसराय,विजुअल आर्ट फाउंडेशन व कला एवं संस्कृति विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप के समापन समारोह से पूर्व आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय मुख्य अतिथि एंव विधान परिषद सदस्य तरुण कुमार,पूर्व विधायक शील राय तथा भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष शशिधर झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए.
अपने संबोधन में नित्यानंद राय ने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि कला भवन निर्माण तथा हीरालाल शाह धर्मशाला के पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी.उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कला भवन क्षेत्र के कलाकारों, विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, प्रदर्शन और रचनात्मक विकास का सशक्त मंच प्रदान करेगा तथा यह क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा.
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धर्मशाला के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा यह जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी.धर्मशाला न्यास बोर्ड के सचिव चंदन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि कला भवन निर्माण जैसी जनहितकारी एवं सांस्कृतिक पहल के लिए न्यास बोर्ड सकारात्मक दृष्टिकोण रखता है.उन्होंने बोर्ड के सदस्यों के साथ आवश्यक विचार-विमर्श के उपरांत कला भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति बनाई जा सकती है,ताकि क्षेत्र में कला एवं संस्कृति के विकास को नई गति मिल सके.मौके पर संस्था के अध्यक्ष उत्सव जायसवाल,महासचिव मो. सुलेमान,कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव प्रकाश,संतोष कुमार,चंदन जायसवाल,हेमंत आनंद, सज्जन कुमार, मनीष बरनवाल,जिगर गुप्ता,शैलेश कानू, सपन कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं,अभिभावक एवं कला प्रेमी उपस्थित थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
