दलसिंहसराय:दहेज हत्या मामले में पुलिस ने घर से एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
दलसिंहसराय,घटहो थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में दर्ज चर्चित दहेज हत्या मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है.पुलिस ने मामले के प्राथमिकी अभियुक्त दुखन सहनी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है.
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि 23 जुलाई 2025 को मुस्कान कुमारी (21) की दहेज के लिए हत्या किए जाने के आरोप में उसके पिता मथुरापुर निवासी दीपक सहनी ने घटहो थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था.इस मामले में राजाराम सहनी, राजाबाबू सहनी, संजू देवी, मखन सहनी, शशिला देवी, छोटेलाल सहनी एवं सोनू सहनी समेत कई लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था.जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद आरोपियों के अलावा दुखन सहनी, जयराम पासवान, जोगिंदर पासवान तथा रामसदिया सहनी उर्फ राम सहाय सहनी की संलिप्तता भी पाई.इसके बाद इन सभी के विरुद्ध भी मामला सत्य पाया गया और कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.
शनिवार देर रात करीब एक बजे छापेमारी कर बहादुरपुर अरमोली स्व मोहन सहनी के पुत्र दुखन सहनी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया.गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश भी जारी है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
