तस्करी के लिए छिपाया गया 70 बोरी यूरिया जब्त
सीतामढ़ी. जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र में तस्करी के उद्देश्य से रखे गए 70 बोरी यूरिया उर्वरक को पुलिस ने जब्त किया है. कृषि समन्वयक-सह-उर्वरक निरीक्षक, सोनबरसा ने कन्हौली थाना में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.
गुप्त सूचना पर कन्हौली इंडो-नेपाल सड़क से कन्हौली गांव की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे काले तिरपाल से ढके यूरिया की खेप बरामद की गई. जांच में कुल 70 बोरी यूरिया जब्त किया गया, जिसे मेसर्स भवानी ट्रेडर्स, कन्हौली के जिम्मे सौंप दिया गया है. उर्वरक निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बरामद उर्वरक तस्करी के लिए रखा गया था. उन्होंने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है. वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है. तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है.