बेल्ट-जूतों की माला पहनाकर छात्र की बेरहमी से पिटाई,वीडियो वायरल
बेतिया।सरिसवा।मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा बाजार में एक छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वर्ग आठ के छात्र को पहले दौड़ाकर, फिर पेड़ में बांधकर बेल्ट और जूतों की माला पहनाकर केवल अंडरवियर में बेरहमी से पीटते हुए देखा जा रहा है. वीडियो में जूते पर थूक कर छात्र से चटाने जैसी शर्मनाक हरकत भी दिखाई दे रही है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.जानकारी के अनुसार, सरिसवा तेलिया पट्टी स्थित अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल का छात्र हिमांशु कुमार पढ़ाई खत्म होने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया और बंधक बनाकर पास किसी सरेह में ले गए जहां सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए मारपीट की.वायरल वीडियो में विद्यालय के एक शिक्षक सुनील कुमार के भी दिखाई देने की चर्चा है. छात्र अपने मामा महेश साह के यहां मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड संख्या-2 में रहकर पढ़ाई करता था.सूत्रों के मुताबिक मोबाइल और फोटो को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. घटना के बाद भय और शर्म के कारण छात्र ने परिजनों को तुरंत जानकारी नहीं दी.
बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया.घटना की वीडियो सामने आने पर थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अंशु प्रिया विद्यालय के संचालक धनंजय कुमार, सरपंच पति अशोक कुमार उप सरपंच पति बद्री शाह समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
पीड़ित छात्र के परिजनों का कहना है कि दो दिन पूर्व स्थानीय सरपंच पति एवं वहां के कुछ स्थानीय पंचो द्वारा पीड़ित के परिजनों को कानून में नहीं जान के लिए दबाव बनाया गया था एवं मामले को पंचायती द्वारा रफा दफा करने की कोशिश की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए मझौलिया पुलिस फुल एक्शन मोड में नजर आ रही है सुबह से ही लगातार छापामारी की जा रही है और दोषियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
