स्लीपर,एसी के एक्स्ट्रा कोच लगेंगे:300 एक्सप्रेस-मेल ट्रेनों में जनरल
पटना.एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में जरूरत के अनुसार कोचों की संख्या बढ़ाई जाती है। खासकर एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल के चार कोच अनिवार्य किए गए हैं। -सरस्वती चंद्र, सीपीआरओ, पूर्व मध्य रेल
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की तैयारी शुरू की है। ईसीआर की 300 से अधिक एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में जरूरत के अनुसार जनरल, स्लीपर और एसी-3 टियर इकोनॉमी कोच लगाए जाएंगे।
इससे यात्रियों को लंबी वेटिंग और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। बढ़े हुए कोच में हर दिन करीब 90 हजार से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। रेल मंत्रालय ने भी ट्रेनों की बढ़ती मांग को देखते हुए 5000 से अधिक नए कोच तैयार किए हैं। इनका उपयोग चरणबद्ध तरीके से विभिन्न जोन की ट्रेनों में किया जाएगा। खास तौर पर 20-21 कोच वाली एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे।
बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी अब 16 कोच के साथ चलेगी
पटना| बगहा और पाटलिपुत्र के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 15201/15202 बगहा-पाटलिपुत्र-बगहा मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस में कोच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब यह ट्रेन 12 कोच के रेक के बजाय 16 कोच के रेक के साथ परिचालित होगी। रेल प्रबंधक का कहना है कि अतिरिक्त कोच लगने से इस रूट पर भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को सीट व सामान्य यात्रा सुविधा में बेहतर विकल्प मिलेंगे। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार, इस बदलाव से उत्तर बिहार, खासकर चम्पारण क्षेत्र के यात्रियों को राज्य की राजधानी तक आने-जाने में अधिक सहूलियत होगी।
मार्च 2027 तक पूर्व मध्य रेल की सभी ट्रेनों में एक्स्ट्रा बोगी
पूर्व मध्य रेल में एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में दो-चार अतिरिक्त कोच जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई है। मार्च 2027 तक सभी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लग जाएंगे। अधिकारी की मानें तो रेल मंत्रालय का मार्च तक करीब 10 हजार कोच तैयार करने का लक्ष्य है। नए कोच पूर्व मध्य रेल को भेजे जाएंगे। जैसे-जैसे कोच आएगा, ट्रेनों में जोड़ा जाएगा।
ट्रेनों के जनरल कोच का सर्वे हो रहा
कोच बढ़ने से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में 150 से 400 यात्री ज्यादा सफर कर सकेंगे। पटना समेत दानापुर रेल मंडल के स्टेशनों से चलने या गुजरने वाली करीब 50 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में जरूरत के अनुसार कोच जोड़ा जाएगा। जिस ट्रेन में एसी कोच की संख्या कम होगी तो उसमें एसी बोगी जोड़ी जाएगी। सभी ट्रेन में अलग-अलग क्लास के कोच लगेंगे। पूर्व मध्य रेल के दानापुर, समस्तीपुर, धनबाद, डीडीयू और सोनपुर रेल मंडल से संचालन और गुजरने वाली ट्रेनों में जनरल कोच की संख्या कितनी है, इसका सर्वे चल रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
