बिहार में अटेंड्स में खेल:शिक्षक घूम रहे थे यूपी बंगाल, बन गई हाजिरी
पटना.जिले की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में बड़ा खेल सामने आया है। जिन शिक्षकों को बच्चों के बीच स्कूल में होना चाहिए था, वे पटना, हाजीपुर, समस्तीपुर, यूपी, प. बंगाल आदि शहरों में रहते है, लेकिन उनकी हाजिरी मोतिहारी के स्कूलों में लग रही थी।
ई-शिक्षा कोष पोर्टल की ऑनलाइन मॉनिटरिंग में यह फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। जिले के 22 शिक्षक 14 मई को अपने-अपने स्कूलों में उपस्थिति बनाई, लेकिन जब विभाग ने ऑनलाइन लोकेशन ट्रैक की तो उनकी वास्तविक मौजूदगी दूसरे जिलों में मिली। जबकि दो शिक्षकों की लोकेशन यूपी और प. बंगाल में मिली।
इसके बाद डीईओ ने सभी शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए शो-कॉज जारी किया है। डीईओ राजन कुमार गिरी ने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ई-शिक्षा कोष पोर्टल लागू किया है। इसके तहत शिक्षक मोबाइल आधारित सिस्टम से उपस्थिति दर्ज करते हैं। हाजिरी के साथ उनकी लोकेशन भी रिकॉर्ड होती है।
इसी मॉनिटरिंग के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। सभी से साक्ष्य के साथ शो कॉज मांगा गया है। सभी पर कार्रवाई की जाएगी। जांच में पता चला कि कई शिक्षक उस दिन पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर,समस्तीपुर, यूपी व पं. बंगाल में मौजूद थे, लेकिन पोर्टल पर उन्होंने अपने स्कूल में मौजूद होने की हाजिरी उक्त जिले से ही बना दी। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह तकनीकी छेड़छाड़ थी या किसी दूसरे व्यक्ति ने उनकी आईडी से उपस्थिति दर्ज की है।
इन शिक्षकों ने बिना स्कूल गए ही बना ली हाजिरी
ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूल पहले ही शिक्षक संकट और कमजोर शैक्षणिक माहौल से जूझ रहे हैं। ऐसे में अगर शिक्षक स्कूल पहुंचे बिना हाजिरी बनाते रहे तो सबसे बड़ा नुकसान गरीब और ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई को होता है। कई स्कूलों में बच्चे घंटों शिक्षक का इंतजार करते रहते हैं, जबकि कागजों में पढ़ाई पूरी दिखा दी जाती है।
ट्रैकिंग से शिक्षकों में हडकंप
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षकों में खलबली मची हुई है। विभाग अब अन्य दिनों की उपस्थिति और लोकेशन रिकॉर्ड की भी जांच करा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि जांच का दायरा बढ़ने पर और नाम सामने आ सकते हैं। डीर्ईओ का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई से समझौता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रखंड स्कूल नाम लोकेशन
अदापुर जामुनभार हिंदी परमानंद पंडित वैशाली
अदापुर मूर्तिया हिंदी मो मुजतबा हसन पटना
अदापुर बखरी उर्दू आलोक कुमार मुजफ्फरपुर
अरेराज मा. वि. नगदाहां हेमंत कुमार समस्तीपुर
प्रखंड स्कूल नाम लोकेशन
बंजरिया बकुलहरा जयप्रकाश कुमार झारखंड
बनकटवा मा.वि. बुबनी विजय कुमार जहानाबाद
बनकटवा लहरी टोला राकेश कुमार पटना
चकिया चिंतामनपुर शशि भूषण राम रोहतास
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
