समस्तीपुर:ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को कुचला:दोनों की मौके पर मौत,ससुराल जा रहे थे
समस्तीपुर।बेगूसराय-हसनपुर मुख्य पथ पर बुधवार को मुशेपुर टारा पेट्रोल पंप के पास बालू लदे अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को कुचल दिया। इस दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हसनपुर थानाक्षेत्र के आतापुर निवासी गजेंद्र प्रसाद सिंह के छोटे पुत्र संजेश कुमार सिंह (35 वर्ष) और उनकी पत्नी निशा कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के भाई मनोज कुमार ने बताया कि दंपत्ति अपनी डेढ़ साल की बेटी को ससुराल, रोसड़ा थानाक्षेत्र के कलवाड़ा गांव, लाने जा रहे थे। दोनों नेटवर्क मार्केटिंग का काम करते थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार दंपत्ति अपनी लेन में जा रहे थे। तभी बेगूसराय की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने विपरीत दिशा में जाकर उन्हें रौंद दिया।
दोनों ट्रक के पहियों के नीचे दब गए, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बेगूसराय-हसनपुर पथ को जाम कर दिया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर बखरी डीएसपी कुंदन कुमार, एसडीओ सन्नी कुमार सौरव और गढ़पुरा पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
