पुलिस नेशनल गेम्स 2026 में सर्वेश ने बैडमिंटन में गाड़े झंडे, जीते दो गोल्ड समेत तीन पदक
पटना। सीतामढ़ी।सुरसंड प्रखंड के राधाउर गांव से निकलकर देश की सेवा कर रहे स्व जिनिस प्रसाद साह के पुत्र सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन ने एक बार फिर खेल के मैदान में प्रखंड व जिला समेत प्रदेश स्तर पर अपना नाम रौशन किया है.
सर्वेश ने लखनऊ में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (गोल्ड) व एक कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किया है. उनकी इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव राधाउर में हर्ष का माहौल है. उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा नौ मई से 13 मई तक लखनऊ में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था. इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश भर की पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों (पैरामिलिट्री) व अन्य पुलिस संगठनों की कुल 44 टीमें भाग ली थी. हालांकि मुकाबला बेहद मुश्किल रहा. पर, कड़े मुकाबलों के बावजूद सर्वेश ने दिग्गजों को शिकस्त देकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उत्तर प्रदेश, केरल, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), असम राइफल्स, CISF व मेघालय पुलिस जैसी दिग्गज टीमों के खिलाड़ियों को परास्त किया. उन्होंने प्रतियोगिता में जो सफलताएं हासिल की, उनमें मेंस डबल्स स्वर्ण पदक (Gold Medal), मिक्सड डबल्स स्वर्ण पदक (Gold Medal), मेंस सिंगल्स कांस्य पदक (Bronze Medal) शामिल है.
डीजीपी ने किया सम्मानित :–
प्रतियोगिता समापन के पश्चात लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने सर्वेश को पदक पहनाकर सम्मानित किया.
रिकॉर्ड्स की झड़ी, अब तक जीत चुके हैं आठ पदक :–
यह पहली बार नहीं है जब सर्वेश ने अपनी चमक बिखेरी हो. इससे पूर्व भी वह ऑल इंडिया पुलिस चैंपियनशिप में पांच पदक जीत चुके हैं. इस वर्ष के तीन पदकों को मिलाकर उनके पास अब कुल आठ पदक हो गए हैं. सर्वेश की इस स्वर्णिम सफलता पर सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ-साथ उनके गृह जनपद सीतामढ़ी के खेल प्रेमियों व ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है. लोगों का कहना है कि सर्वेश ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिखाया है कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो खाकी की जिम्मेदारी के साथ-साथ खेल की दुनिया में भी शिखर तक पहुंचा जा सकता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
