मुजफ्फरपुर:भीषण गर्मी में युवक गया नदी में नहाने, डूबने से मौत
मुजफ्फरपुर।बोचहा प्रखंड क्षेत्र के बिशनपुर जगदीश पंचायत के आथर घाट बुढी गंडक नदी मे नहाने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूब रहे चार युवकों में से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक की मौत हो गई.
मृतक की पहचान वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रिक्सा गांव निवासी संजय पंडित के 21 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनीयारी थाना क्षेत्र के सात युवक भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान चार युवक नदी की गहराई में चले गए और डूबने लगे.युवकों को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन विशाल कुमार को बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और मनीयारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
