पटना में राजमिस्त्री की पीटकर हत्या; CCTV में वारदात कैद
पटना। बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मजदूर दिवस के दिन ही एक राजमिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घर में शादी का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों में खुशियां मातम में बदल गईं।मृतक की पहचान 31 वर्षीय शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है। रात 2 बजे तक परिवार शादी की रस्मों में व्यस्त था।
सुबह करीब 4 बजे शिव शंकर चाय पीने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन फिर वापस नहीं आए।
सड़क किनारे मिला शव
सुबह करीब 6 बजे परिजनों को सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो शव शिव शंकर का ही निकला।
इस खबर के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो जांच का अहम आधार बन गया है। वीडियो में 5 पुरुष और एक महिला युवक को घेरकर बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं।हमलावर उसे दौड़ा-दौड़ाकर तब तक मारते हैं, जब तक उसकी मौत नहीं हो जाती।
महिला की भूमिका ने बढ़ाई हैरानी
इस घटना में एक महिला की मौजूदगी ने पुलिस को भी चौंका दिया है। आमतौर पर ऐसे मामलों में महिलाओं की भूमिका कम देखने को मिलती है।पुलिस अब महिला की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर खास जांच कर रही है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
परिजनों का कहना है कि शिव शंकर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। घटनास्थल के पास एक शादी समारोह भी चल रहा था।पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि कहीं वहीं कोई विवाद तो नहीं हुआ।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिव शंकर अपने पीछे पत्नी अर्चना देवी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। 9 साल की बेटी और 5 साल का बेटा अब पिता के साये से वंचित हो गए।परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य खोने से घर पूरी तरह टूट गया है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
