समस्तीपुर के खानपुर में युवक की गला रेतकर हत्या:बागीचे में खाने-पीने के दौरान विवाद में मर्डर की आशंका
समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के खानपुर बाजार के मिडिल स्कूल के पीछे बागीचे में मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान खानपुर दक्षिणी के मोहम्मद रुस्तम के बेटे 22 साल के मोहम्मद आजाद के रूप में की गई है।
परिवार के लोगों ने बताया कि आजाद ये कहकर घर से निकला था कि वह चौक पर से आ रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल के अलावा कोल्ड ड्रिंक की बोतल चखना आदि मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि खाने-पीने के दौरान विवाद होने पर युवक की हत्या की गई है।हालांकि, चर्चा ये भी है कि बागीचे में कई तरह का अवैध कारोबार होता है। जुआ खेलने के दौरान विवाद की बात भी सामने आ रही है।
सुबह 10 बजे चौक से घूमकर आने की बात कहकर निकला था
घटना के संबंध में मृतक का भाई मोहम्मद शैयाद ने बताया कि दिन के करीब 10 बजे उनका छोटा भाई मोहम्मद आजाद ये कहकर घर से निकला था कि वह खानपुर चौक पर से आ रहा है। करीब 3 घंटे बाद सूचना मिली कि स्कूल के पीछे बागीचे में एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई है।परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि मोहम्मद आजाद का शव पड़ा हुआ है। मोहम्मद शैयाद ने बताया कि बागीचे में दिनभर नशेड़ियों की भीड़ लगी रहती है। खाने-पीने के दौरान ही उनके भाई की हत्या की गई है जबकि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है।
जुआ खेलने के दौरान विवाद के बाद हत्या की आशंका
घटनास्थल पर मौजूद आसपास के लोगों ने बताया कि इस गाछी में अवैध जुआ का कारोबार होता है। चर्चा यह है कि जुआ खेलने के दौरान ही विवाद के बाद युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।वारदात को लेकर सदर डीएसपी 2 संजय कुमार ने बताया कि युवक की हत्या की सूचना मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मैं खुद भी घटनास्थल पर पहुंचा था। पूरे मामले की जांच की जा रही है। खाने-पीने के दौरान विवाद की बात सामने आ रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
