दलसिंहसराय में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष,सगे भाई ने पीट-पीटकर की हत्या;आरोपी गिरफ्तार।
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया।सगे भाई ने ही अपने भाई की ईंट-रोड़े और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है।घटना दलसिंहसराय के पांड पंचायत के पक्षीयारी टोल वार्ड-5 की है।मृतक की पहचान राम विलास महतो के 45 वर्षीय पुत्र चंदेश्वर महतो के रूप में हुई है।
26 धुर जमीन बनी विवाद की वजह:
परिजनों के अनुसार, 26 धुर जमीन को लेकर दोनों भाइयों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार देर शाम आरोपी भाई विशेषश्वर महतो उसी विवादित जमीन पर शौचालय का निर्माण करा रहा था। मृतक चंदेश्वर महतो काम रुकवाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई। गुस्से में विशेषश्वर ने ईंट, रोड़ा और डंडे से अपने ही भाई चंदेश्वर पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से चंदेश्वर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
इलाज के दौरान मौत:
घायल चंदेश्वर को आनन-फानन में परिजनों ने दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया,जहां इलाज के बाद रेफर किया गया.बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत दरभंगा ले जाने के क्रम में हो गई। सूचना मिलते ही दलसिंहसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक चंदेश्वर पेशे से ड्राइवर थे।उनके परिवार में पत्नी नीलम देवी, दो बेटे और एक बेटी है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी भाई गिरफ्तार:
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार रात ही आरोपी सगे भाई विशेषश्वर महतो को गिरफ्तार कर लिया। दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज किया जायेगा।आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
