हम जो बोलेंगे करना पड़ेगा,साथ सोना होगा’:नेशनल खिलाड़ी बोली-करियर बर्बाद करने की धमकी, खेलना छोड़ा
मुजफ्फरपुर।‘हम जो बोलेंगे वो करना पड़ेगा, मेरे साथ रहना पड़ेगा, सोना पड़ेगा…। जब खेलने जाती थी, तो सिखाने के बहाने कोच गलत तरीके से छूते थे। इसका विरोध करने पर कहते थे कि तुम्हारा करियर बर्बाद कर देंगे। इस व्यवहार के कारण 10-15 लड़कियों ने खेलना छोड़ दिया। उनको जल्द से जल्द पकड़ा जाए और सजा दिलाई जाए।’ये कहना बिहार की रहने वाली नेशनल रग्बी खिलाड़ी का है। नाबलिग (17) रग्बी खिलाड़ी ने इसे लेकर कोच के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस को आरोपी कोच की करीब 20 दिन से तलाश है, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ट्रेनिंग के दौरान छेड़छाड़ करता था
मुजफ्फरपुर की एक नाबालिग (17) रग्बी खिलाड़ी ने अपने कोच पर यौन उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। नाबालिग का कहना है, जब ट्रेनिंग के लिए जाती थी तो कोच छेड़छाड़ करता था, जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था।
23 मार्च को इसे लेकर पीड़िता ने पटना के कंकड़बाग थाने में जीरो FIR दर्ज कराई। इसके बाद केस को मुजफ्फरपुर के तुर्की थाने में ट्रांसफर किया गया। मामले में 25 मार्च को तुर्की थाने में केस दर्ज हुआ।आरोपी तुर्की थाना क्षेत्र के चढुआ निवासी राहुल कुमार महतो है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस आवेदन के साथ ऑडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, जिसमें कोच नाबालिग से अश्लील बातें कर रहा है।
करियर बर्बाद की धमकी भी देता था
पीड़ित ने पुलिस से बताया कि ‘राहुल कुमार महतो पिछले कुछ दिनों से खेल के मैदान में ट्रेनिंग के दौरान लगातार मानसिक दबाव बनाता था, खेल करियर को बर्बाद करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड करता था।पिछले कुछ महीने से ट्रेनिंग के दौरान वो गलत तरीके से छुआ, अकेले में मिलने के लिए मजबूर करता था। इससे मना करने पर कहता था तुम्हें टीम से निकाल देंगे, भविष्य खराब हो जाएगा।
कोच का यह व्यवहार मेरे साथ पिछले कुछ महीनों से है, लेकिन वो अन्य महिला खिलाड़ियों के साथ भी यही व्यवहार करता है।यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अवैध उगाही को लेकर कई खिलाड़ियों ने कंप्लेन की है। कई बच्चियों ने तो कोच के इस व्यवहार के कारण खेलना ही छोड़ दिया है। करीब 10-15 लड़कियां ऐसी हैं, जिन्होंने ट्रेनिंग के लिए ग्राउंड आना ही छोड़ दिया।’
मुजफ्फरपुर की खिलाड़ी नेशनल स्तर पर रग्बी खेलती है। उसने दो बार बिहार की टीम से नेशनल स्तर पर खेला है। लेकिन कोच के इस व्यवहार के कारण पिछले कुछ दिनों से लगातार मानसिक तनाव में थी।वहीं, कुढ़नी प्रखंड के सरपंच संघ के अध्यक्ष लाल बाबू ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिली है। कोच ने जो हरकत किया है, ये बहुत ही गलत है। लड़की ने हिम्मत दिखाकर केस दर्ज कराया है। प्रशासन से निष्पक्ष जांच की उम्मीद करते हैं। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आरोपी राहुल कुमार महतो खुद एक नेशनल खिलाड़ी रह चुका है और लंबे समय से पुरानी ब्लॉक स्थित खेल मैदान में बच्चों को रग्बी की ट्रेनिंग देता था। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पुराने ब्लॉक में कई ऐसे बच्चे हैं, जिन्होंने रग्बी खेल में अपना परचम लहराया है।खिलाड़ी सरकार की मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत नौकरी में हैं और गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
