ब्रिटानिया फैक्ट्री में डीजल टैंक फटा, मजदूर की हालत गंभीर
पटना जिले के बिहटा स्थित सिकंदरपुर मेगा औद्योगिक पार्क में रविवार को एक हादसा हुआ। प्रसिद्ध बिस्किट निर्माता कंपनी ब्रिटानिया की फैक्ट्री में मेंटेनेंस कार्य के दौरान डीजल टैंक में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। इस घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अफरा-तफरी में दो अन्य कर्मियों को मामूली चोटें आईं।
गैस की किल्लत के कारण फैक्ट्री को डीजल से चलाने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, हाल ही में गैस की किल्लत के कारण फैक्ट्री को डीजल से चलाने की तैयारी की जा रही थी। इसी क्रम में फैक्ट्री परिसर के अंदर डीजल टैंक का रखरखाव कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग की लपटें उठीं और टैंक विस्फोट के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
हादसे में झुलसा मजदूर
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की पहचान नंदू के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद उसे बिहटा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्रशासन को नहीं जानकारी
घटना के बाद पूरे फैक्ट्री परिसर में दहशत का माहौल है। हालांकि, इस गंभीर हादसे को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। स्थानीय थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
