अगले तीन दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी
पटना.बिहार में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते 24 घंटों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कई जिलों में तापमान बढ़ने लगा है। दक्षिण पश्चिम और दक्षिण मध्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री जबकि न्यूनतम पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ेगा। इससे दिन में तेज गर्मी और रात में उमस बढ़ेगी। लू जैसे हालात रहेंगे। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 23.6 डिग्री रहा।
वहीं, पटना और अरवल में गर्म हवाएं 43 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों में पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से भी अधिक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बिहार में पछुआ (पश्चिमी) हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। ये हवाएं शुष्क और गर्म होती हैं, जो तापमान को तेजी से बढ़ाती हैं और लू की स्थिति बनती है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश नहीं हुई है और फिलहाल राहत की कोई उम्मीद भी नहीं है। लगातार शुष्क मौसम और बढ़ती गर्मी लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं।
दक्षिण बिहार क्यों बनता है हॉट स्पॉट
पठारी और शुष्क इलाका, जल्दी गर्म होता है। }नमी कम, सूरज की सीधी किरणें ज्यादा असरदार होती हैं। }पछुआ हवाएं सबसे पहले इसी हिस्से को प्रभावित करती हैं। }पश्चिमी विक्षोभ कमजोर, इसलिए आंधी-बारिश नहीं हो रही।
यहां लू जैसे हालात बनेंगे
दक्षिण-पश्चिम बिहार : बक्सर, भोजपुर (आरा), रोहतास, औरंगाबाद एवं कैमूर।
दक्षिण-मध्य बिहार : पटना, अरवल, जहानाबाद, गया एवं नालंदा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
