समस्तीपुर:पंचमुखी हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई, 201 कलश यात्रा निकाला गया
समस्तीपुर। बिथान बाजार में पंचमुखी हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आयोजन में उत्सव जैसा दृश्य देखने को मिला।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत पूजा बैठक का संचालन श्री विन्देश्वरी प्रसाद महतो ने किया। विद्वान पंडितों द्वारा हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के बीच भगवान पंचमुखी हनुमान की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठित की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा पूरे आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर देवकीनंदन प्रसाद, प्रवीण पूर्वे, नारायण महतो, प्रमोद कुमार महतो, संतोष कुमार महतो, जागृति कुमार, निश्छल कुमार, रिक्की पूर्वे, नीलेश पंजियार, गौतम सर्राफ, अरुण दास, ओमप्रकाश महतो, पिंटू महतो और राजन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के शिवरामा गांव स्थित भगवती स्थान परिसर में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच श्री श्री 108 जय बजरंगवली जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और पूरा वातावरण जय श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार सुबह 201 कलश यात्रा के साथ हुई।
इस यात्रा में कुमारी कन्याओं, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी व्रती लाल और पीले रंग के पारंपरिक वस्त्र पहनकर सिर पर कलश लिए गाजा-बाजा के साथ पूरे गांव का भ्रमण करते नजर आए। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर मंदिर परिसर पहुंची।वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार पंडित संतोष झा, गजेंद्र झा सहित अन्य विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ कलश में जल भरवाया। इसके बाद यज्ञ मंडप में विधिवत कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूरे अनुष्ठान के दौरान शंखध्वनि और वेद मंत्रों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर से निकली भव्य झांकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। झांकी में भगवान राम, माता सीता, भगवान हनुमान, लक्ष्मण और विश्वामित्र सहित अन्य देवी-देवताओं की सुंदर झलकियां प्रस्तुत की गईं। सजे-धजे रथों पर विराजमान झांकियां शिवरामा गांव से निकलकर दुबेपुर, शिवाजीनगर, गौड़ा और बहादुरपुर सहित कई गांवों में पहुंचीं। जहां-जहां झांकी गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
