समस्तीपुर:विवाहिता हुई लापता:परिजन ने ससुराल पर लागाया प्रताड़ना का आरोप,हत्या की आशंका
समस्तीपुर।मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता ने थाने में दिया आवेदन
लापता महिला रागिनी कुमारी के पिता बिलट साहनी ने बुधवार शाम मोहिउद्दीननगर थाना में आवेदन दिया। अंगार घाट थाना क्षेत्र के डढ़िया असाधार वार्ड संख्या-5 निवासी बिलट साहनी ने बताया कि उन्हें किसी स्थानीय व्यक्ति से जानकारी मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और शव को छिपा दिया गया है।
पांच वर्ष पहले हुई थी शादी
बिलट साहनी के अनुसार, लगभग पांच वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी रागिनी की शादी नारायणपुर गांव निवासी शंकर सहनी के पुत्र छोटू सहनी से की थी। शादी के समय करीब दो लाख रुपये नकद और अन्य उपहार भी दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रागिनी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके वालों को बताई थी प्रताड़ना की बात
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को रागिनी ने अपने मायके वालों से बातचीत के दौरान भी अपने साथ हो रहे अत्याचारों की जानकारी दी थी। इसके बाद अचानक उसके लापता होने की खबर से परिवार सदमे में है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन मिलते ही थाना अध्यक्ष सचिन कुमार और अपर थाना अध्यक्ष अनु सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
