पंचायत चुनाव को लेकर समस्तीपुर डीएम ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
समस्तीपुर.पंचायत आम निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में मंगलवार पंचायत सरकार भवन, लघुनिया रघुकंठ में मल्टीपोस्ट ईवीएम के सुरक्षित भंडारण के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, मजबूत कक्ष की उपलब्धता, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक पहलुओं का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम के रख-रखाव एवं सुरक्षा से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए एवं भवन को उसी अनुसार तैयार किया जाए। सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के लिए कहा गया। इस अवसर पर नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, पंचायती राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।