सुभानीपुर में भीषण आग से गेहूं की फसल जलकर राख:टला बड़ा हादसा
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर प्रखंड की बालकृष्णपुर मड़वा पंचायत के सुभानीपुर गांव में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई।
यह हादसा पंचायत के वार्ड संख्या 4 में हुआ, जहाँ किसान नरेश महतो के खेत में लगी पूरी गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते फसल धू-धू कर जलने लगी। इसके अतिरिक्त, पास स्थित एक घर और पशु शेड को भी आंशिक क्षति पहुँची है।
तेज़ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण किया
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि पास की बांसबाड़ी से उठी चिंगारी ने खेत को अपनी चपेट में ले लिया। तेज़ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयासों से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तब तक किसान नरेश महतो की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम भी मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने शेष आग को बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में दमकल सेवा की अनुपलब्धता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि प्रखंड स्तर पर दमकल की व्यवस्था होती, तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम होता।
विद्यापतिनगर थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और मामले की जाँच की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
