“गर्लफ्रेंड को वैशाली में छोड़कर भागा प्रेमी:लड़की बोली- शादी का झांसा देकर रिलेशन बनाया
वैशाली में प्रेमी की शादी रुकवाने के लिए असम की एक लड़की बिहार पहुंची। उसने आरोप लगाया कि उसका बॉयफ्रेंड शादी का झांसा देकर एक साल तक उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहा।जब उसने शादी की बात की, तो वह उसे अपने साथ बिहार लेकर आया, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसने उसका सारा सामान छीन लिया और उसे छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता ने किश्त पर फोन खरीदा और प्रेमी को कॉल किया, तो उसने कहा कि वह दूसरी लड़की से शादी कर रहा है, आज तिलक है और फोन काट दिया। वहीं, जब युवती ने उसके भाई से संपर्क किया, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। युवक को थाने में बुलाकर दोनों के बीच समझौता कराया गया। इसके बाद युवक ने अपने परिजनों के सामने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी कर ली।
असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली मीरा तांती ने बताया, ‘मैं कोयंबटूर में एक निजी कंपनी में काम करती थी। इसी कंपनी में वैशाली के चांदपुरा ओपी निवासी धीरज कुमार भी काम करता था। यहीं हमदोनों की मुलाकात हुई और एक दूसरे से प्यार हो गया।”मीरा के अनुसार, धीरज ने उससे शादी का वादा किया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया, जब मैंने धीरज से शादी की बात कही, तो उसने मुझे बिहार चलने के लिए कहा। शादी की उम्मीद में मैं भी उसके साथ बिहार आने के लिए तैयार हो गई। हम दोनों गुरुवार को ट्रेन से पटना स्टेशन पहुंचे।
इसके बाद जदुआ पुल के पास धीरज ने मेरा पर्स और मोबाइल फोन छीन लिया। पर्स में 15,000 रुपए कैश, एक सोने की चेन और एक अंगूठी थी, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.60 लाख रुपए थी। धीरज मुझे ऑटो में छोड़कर फरार हो गया।गुरुवार को मैं पूरे दिन भटकती रही और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। एक दिन बाद शुक्रवार को मैंने किश्त पर मोबाइल और सिम कार्ड खरीदा और धीरज से संपर्क किया। इस दौरान धीरज ने बताया कि वह किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है और फोन काट दिया।”
धीरज के भाई ने दी जान से मारने की धमकी
मीरा ने आगे बताया, “इसके बाद मैंने धीरज के भाई को फोन किया। धीरज के भाई और भाभी ने मुझे बिहार आने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा, ‘लाश का भी पता नहीं चलने देंगे, प्रशासन हमारी मुट्ठी में रहता है।’”पीड़िता ने बताया कि वह तीन दिन तक भटकती रही। “मेरे पास आधार कार्ड था, जिसे लेकर शुक्रवार को मैं हाजीपुर महिला थाना गई। वहां मेरा आवेदन नहीं लिया गया और मुझे स्थानीय थाने जाने के लिए कहा गया।इसी दौरान अधिकार मित्र शर्मीला कुमारी से मुझे मदद मिली। इसके बाद मैं चांदपुरा थाना पहुंची, जहां मैंने आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।”
पुलिस युवक को थाने लाकर करवाई समझौता
आवेदन मिलते ही थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी धीरज कुमार को हिरासत में लेकर थाने लाया। यहां पूछताछ के दौरान युवक शादी के लिए तैयार हो गया। दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली।हालांकि शादी के बाद मीरा ने आशंका जताई कि धीरज और उसके परिवार के लोग उसे जान से मार सकते हैं।
इस संबंध में महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि एक युवती भटकती हुई चांदपुर थाना पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि उसके प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने त्वरित कार्रवाई कर युवक को थाने बुलाया। वहां दोनों की काउंसलिंग कराई गई।इस दौरान दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर समझौता करने की बात कही। इसके बाद दोनों से बांड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
