विद्यापतिनगर निवासी लोक गायक की सड़क दुर्घटना में मौत, मातम
समस्तीपुर.विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत निवासी दीपक कुमार सिंह की सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलारपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर हुई, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक प्रतिभाशाली जीवन को छीन लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार सिंह बाइक से बेगूसराय की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक कुमार सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।