स्टेशन चौक पर ई-रिक्शा का ‘जाम जाल’ अतिक्रमण व मनमानी से राहगीर परेशान
समस्तीपुर.शहर के व्यस्ततम स्टेशन चौक पर इन दिनों अव्यवस्थित ई-रिक्शा पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि अगर किसी यात्री को ट्रेन पकड़ने स्टेशन जाना हो, तो समय पर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।स्टेशन चौक पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर देने से सड़क संकरी हो गई है। हर समय यहां जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। यात्रियों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार लोग इस जाम में फंसकर अपनी ट्रेन तक नहीं पकड़ पाते।स्थिति को और बिगाड़ने में सड़क किनारे लगे फल और अन्य सामानों के दुकानदार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इन दुकानों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे यातायात के लिए उपलब्ध जगह और भी कम हो गई है। नतीजतन, दिनभर यहां अफरातफरी का माहौल बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा चालकों पर कोई नियंत्रण नहीं है। वे न तो निर्धारित स्थान पर पार्किंग करते हैं और न ही यातायात नियमों का पालन करते हैं। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया वहीं प्रशासन और नगर निगम की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों की मांग है कि स्टेशन चौक पर ई-रिक्शा के लिए अलग से स्टैंड निर्धारित किया जाए और अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए।अगर जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। फिलहाल, स्टेशन चौक पर हर दिन लोग जाम और अव्यवस्था से जूझने को मजबूर हैं।
^स्टेशन रोड में जो ऊंचा नाला बना है उसे तोड़कर समतल करने से सड़क चौड़ी होगी। रेलवे के साथ समन्वय से मल्टी पर्पज मार्केटिंग काम्प्लेक्स के निर्माण और यातायात डीएसपी व परिवहन विभाग के सहयोग से इसका स्थायी समाधान किया जाएगा। – ज्ञान प्रकाश,नगर आयुक्त, नगरनिगम, समस्तीपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
