1150 श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश लेकर निकाली भव्य शोभा यात्रा,गूंज रहे मंत्र
समस्तीपुर।सिंघिया प्रखड अंतर्गत कुंडल-2 पंचायत के फुलवरिया गांव में बुधवार को 1008 श्री विष्णु महायज्ञ के अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और गाजे बाजे के साथ कलश शोभा यात्रा की शुरुआत की गई। कलश यात्रा में कुंवारी कन्याओं, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पारंपरिक लाल-पीले वस्त्र धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभा यात्रा फुलवरिया गांव से प्रारंभ होकर नवटोलिया के समीप करेह नदी तक पहुंची, जहां विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरवाया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालु जल से भरे कलश लेकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे। यज्ञ मंडप में विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना की गई और कलश व्रतियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इस महायज्ञ में कुल 1150 कलश शामिल किए गए हैं, जो आयोजन की भव्यता को दर्शाता है। कलश शोभा यात्रा के दौरान गांव का हर कोना भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा “हरि बोल” और “जय श्री विष्णु” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और लोग पूरे जोश के साथ शोभा यात्रा में शामिल रहे। महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर अनुशासन और श्रद्धा का परिचय दिया। महायज्ञ के आयोजन को लेकर समिति के सदस्य गणेश राय, संजय कुमार राय एवं उपेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह आयोजन कई दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और कथा-प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कथावाचक द्वारा भक्तों को भागवत कथा एवं भक्ति रस का रसपान कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त होगा। मेले के रूप में सजे इस आयोजन में बच्चों के लिए झूले, महिलाओं के लिए मीना बाजार तथा विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और खान-पान की दुकानों की भी व्यवस्था की गई है।
इससे न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण भी समृद्ध हो रहा है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में भाग लेने पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों की टीम भी सक्रिय दिखी, जो श्रद्धालुओं को सहयोग कर रही थी। फुलवरिया गांव में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ और कलश शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया है। श्रद्धा, आस्था और उत्साह से भरे इस आयोजन ने ग्रामीण जीवन की सांस्कृतिक समृद्धि और धार्मिक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
