NH-122B पर सड़क हादसे में घायल युवक की मौत:पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में NH-122B पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक संतोष कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। वे 16 मार्च को हुई बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे और पटना में इलाजरत थे। सोमवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
16 मार्च को आमने-सामने टक्कर में हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को बलुआही के पास NH-122B पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में सुल्तानपुर निवासी संतोष कुमार सिंह और बलुआही निवासी लक्ष्मण साह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद संतोष की हालत नाजुक देख उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
संतोष कुमार सिंह का इलाज पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था। सोमवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
किसान थे संतोष, आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
बताया जाता है कि संतोष कुमार सिंह पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुधा देवी और पुत्र अमन हैं। मोहिउद्दीन नगर थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
