एयरपोर्ट से शराब की बड़ी खेप बरामद:सुनसान परिसर में तस्कर भंडारण करते थे
मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र स्थित पताही एयरपोर्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। शराब माफियाओं ने एयरपोर्ट के सुनसान परिसर को शराब के भंडारण और तस्करी के केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया था।सरैया एसडीपीओ सुश्री गरिमा को गुप्त सूचना मिली थी कि पताही एयरपोर्ट में जर्जर भवनों और वहां खड़े वाहनों में शराब की एक बड़ी खेप उतारी गई है। इस सूचना के आधार पर करजा थाना पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ एयरपोर्ट परिसर में छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने एयरपोर्ट के पुराने और जर्जर भवनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां बरामद की। इसके अलावा परिसर में खड़ी एक स्कॉर्पियो और एक ऑटो रिक्शा से भी शराब मिली। पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, कुल 4242 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है।
एयरपोर्ट का लंबे समय से विकास नहीं हुआ
पताही एयरपोर्ट लंबे समय से निर्माण और विकास की बाट जोह रहा है। हालांकि इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन काम सुचारू रूप से शुरू न होने के कारण यह पूरा इलाका वीरान और सुनसान पड़ा रहता है।इसी सन्नाटे का फायदा उठाकर शराब कारोबारियों ने इसे अपना ठिकाना बना लिया था। झाड़ियों और पुराने खंडहरों की आड़ में यहां बड़े पैमाने पर शराब का अवैध खेल चल रहा था।
कार-ऑटो को जब्त किया
सरैया एसडीपीओ सुश्री गरिमा ने कहा कि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट परिसर के अंदर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। बरामद शराब की मात्रा काफी अधिक है और माफियाओं ने इसे खपाने की पूरी तैयारी कर रखी थी।पुलिस ने स्कॉर्पियो और ऑटो को जब्त कर लिया। वाहनों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों और इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
