समस्तीपुर:कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
समस्तीपुर।विभूतिपुर.प्रखंड क्षेत्र के सिंघिया घाट पेठिया गाछी में मां काली पूजा समिति के तत्वावधान में बसंत नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा ज्ञान महायज्ञ के अंतर्गत बुधवार को श्रीराम कथा का छठा दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण राम नाम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कथा वाचिका राधे कृपा साक्षी ने अपने मधुर वचनों से भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया।
उन्होंने “देख कर राम जी को जनक नंदनी, राम देखे सिया को, सिया राम को…” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन सुनते ही पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा के दौरान उन्होंने पारिवारिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस घर में सास मां का रूप ले लेती है, वह परिवार कभी बिखरता नहीं है। परिवार की सुंदरता प्रेम, सम्मान और आपसी विश्वास से बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जिस परिवार में प्रेम की बरसात होती है, वहां सदैव सुख और शांति का वास होता है। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्था में जुटे रहे। कथा के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। नौ दिवसीय इस महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
