“बिहार के 18 जिलों में आज आंधी-बारिश के साथ ठनका का अलर्ट:खाड़ी से आ रहीं नमीयुक्त हवाओं का असर
पटना.उत्तर-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से आ रहीं नमीयुक्त हवाओं और स्थानीय तापमान की वजह से राज्य के 18 जिलों में मंगलवार को आंधी-बारिश के साथ ठनका (वज्रपात) का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद समेत जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में तेज हवा के साथ ठनका गिरने की चेतावनी जारी की है।
हालांकि, पटना में इसका खास असर नहीं दिखेगा। दिन में तेज धूप से लोग परेशान हो सकते हैं, जिसके बाद तापमान बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार के बाद 4 अप्रैल से फिर से मौसम गड़बड़ाएगा और पूरे राज्य में आंधी-पानी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
सोमवार को पटना का मौसम साफ रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 33.7°C और न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया गया। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान भभुआ (कैमूर) में 39.5°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अगवानपुर (सहरसा) में 19.2°C रिकॉर्ड किया गया। मधुबनी में मौसम का कड़ा रुख देखा गया, जहां हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। फिलहाल राज्य का अधिकतम तापमान 26.8°C से 37.5°C और न्यूनतम तापमान 19.2°C से 24.1°C के बीच बना हुआ है।
अब आगे क्या?
अधिकतम तापमान: अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।न्यूनतम तापमान: अगले 3-4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, जिससे रातें फिलहाल स्थिर बनी रहेंगी।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
