गंगा में डूबे युवक की लाश बरामद:पड़ोसी के निधन के बाद दाह संस्कार में गया था
पटना.भागलपुर के बरारी गंगा घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने आए एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान झारखंड के साहेबगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र निवासी रवि पासवान के 23 वर्षीय पुत्र राकेश उर्फ अभिषेक पासवान के रूप में हुई है।राकेश पिछले कई वर्षों से भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परबत्ती मोहल्ले में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई और कामकाज कर रहा था। यह घटना बरारी थाना क्षेत्र के बरारी गंगा घाट पर हुई। बुधवार को पुलिस ने गंगा नदी से युवक का शव बरामद किया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता बोले- दाह संस्कार में जाने के लिए बेटे को बुलाया था
मृतक के पिता रवि पासवान ने पुलिस को बताया कि परबत्ती मोहल्ले में किसी व्यक्ति के निधन के बाद दाह संस्कार में शामिल होने के बहाने मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने उनके बेटे को घर से बुलाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीरु पासवान, नंदू पासवान, मुकेश पासवान और पंकज पासवान ने राकेश को जबरन नशा कराया, उसके साथ मारपीट की और फिर उसे गंगा नदी में डुबोकर मार डाला।
परिजन बोले- राकेश को तैरना आता था, डूबने की बात संदिग्ध
परिजनों का कहना है कि राकेश तैरना जानता था, इसलिए उसके डूबने की बात संदिग्ध लगती है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष बोले- शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल जारी
वहीं इस मामले को लेकर बरारी थाना इंचार्ज ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला दुर्घटना का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
