दलसिंहसराय पहुँचे चिराग पासवान ने कहा बिहार के विकास की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर
दलसिंहसराय।उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के दलसिंहसराय के बाजार समिति मैदान में रविवार को आयोजित एक भव्य जनसभा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि इस बार बिहार के भविष्य की दिशा महिला और युवा मतदाताओं के निर्णय पर निर्भर करेगी. वे भाषण देने नहीं, बल्कि जनता का आशीर्वाद लेने आए हैं.
चिराग पासवान ने कहा कि उजियारपुर और विभूतिपुर सीट से एनडीए उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाना ही उनकी असली जीत होगी.
चिराग ने उजियारपुर से एनडीए प्रत्याशी प्रशांत कुमार पंकज को क्षेत्र की बेहतरी के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताया.उन्होंने कहा कि पंकज को विधानसभा भेजना जरूरी है ताकि वे मुख्यमंत्री के साथ मिलकर उजियारपुर की समस्याओं का निराकरण करें और बड़ी-बड़ी योजनाएं इस क्षेत्र तक पहुंचाएं.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव बिहार के युवाओं की किस्मत का फैसला करेगा.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए एकजुट होकर राज्य की तरक्की का संकल्प लिए मैदान में उतरा है.फडणवीस ने कहा कि वे मुंबई से आए हैं, जहाँ तीन लाख बिहारियों के साथ भव्य छठ पूजा का आयोजन किया गया था.
उन्होंने कहा, “मोदी जी के दिल में बिहार बसता है और बिहार के मन में मोदी जी हैं.अब बिहार की विकास यात्रा को कोई नहीं रोक सकता.उन्होंने घोषणा की कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार के युवाओं को रोजगार की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि एनडीए सरकार एक करोड़ रोजगार अवसर उपलब्ध कराएगी.उन्होंने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा,“तेजस्वी भैया की लालटेन में अब तेल नहीं बचा है,और बिहार चलाना बच्चों का खेल नहीं है.”सभा में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए के पक्ष में नारेबाजी की और बिहार के विकास की दिशा में विश्वास जताया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
