शराब की हेराफेरी में राजद नेता की हत्या,भतीजा समेत कई गिरफ्तार
पटना.हाजीपुर के बिदुपुर थाना क्षेत्र में बीते 25 अगस्त को राजद नेता शिवशंकर प्रसाद सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर एसडीपीओ (वन) सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह वारदात अंग्रेजी शराब के 40 कार्टून की हेराफेरी और पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी।
भतीजे समेत शराब कारोबार से जुड़े लोग निकले आरोपी
एसडीपीओ ने बताया कि हत्या में राजद नेता के भतीजे सचिन कुमार और उसके साथ शराब कारोबार करने वाले कई लोग शामिल थे। जांच के दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने वाहन जांच के समय पकौली निवासी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस पूछताछ में सचिन कुमार ने स्वीकार किया कि वह, मृतक शिवशंकर प्रसाद, दिवानी उर्फ कुणाल सिंह, तूफानी उर्फ कुंदन सिंह (सभी पकौली निवासी) और कुंदन सिंह (भैरोपुर निवासी) मिलकर शराब का कारोबार करते थे।
शराब के पैसे को लेकर विवाद हुआ था।18 अगस्त को पानापुर धर्मपुर स्थित विवाह भवन में इस विवाद को लेकर मारपीट भी हुई थी। उसके बाद मृतक ने आरोपियों को गाली-गलौज किया था। इसी रंजिश में सभी ने साजिश के तहत गोली मारकर हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सचिन कुमार को पकड़ा और पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या शराब कारोबार में हो रहे अवैध मुनाफे और पैसों के बंटवारे के विवाद का नतीजा है। पुलिस ने इलाके में अवैध शराब गिरोहों पर भी निगरानी तेज करने की बात कही है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
