बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे बुजुर्ग:आरपीएफ ने रुकवाई गाड़ी, भर्ती
बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आरपीएफ की तत्परता से एक वृद्ध की जान बच गई। घटना ट्रेन नंबर-15553 अप भागलपुर-जयनगर एक्सप्रेस की है। वृद्ध की पहचान भागलपुर जिले के रहने वाले गोपाल कृष्ण सिंह (62) के रूप में की गई है।बेगूसराय आरपीएफ के इंस्पेक्टर सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि 15553 भागलपुर-जयनगर एक्सप्रेस बेगूसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर सुबह 10:48 पर आई और 10:52 बजे खुलकर जाने लगी।
गाड़ी खुलते ही एक आदमी दौड़कर गाड़ी पर चढ़ने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसका बैलेंस बिगड़ गया, जिससे वह गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। जिसके बाद ट्रेन रुकवाई गई। आरपीएफ के उप निरीक्षक संजय कुमार सहनी सहित सभी कर्मी दौड़ कर मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को किसी तरह बचाया गया।बुजुर्ग भागलपुर से समस्तीपुर तक यात्रा कर रहे थे। बेगूसराय स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर उतरे और फिर से चलती गाड़ी में दौड़कर चढ़ने के दौरान हादसा हो गया।
सदर अस्पताल में कराया भर्ती
इसके बाद उप निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने आरपीएफ के महिला सिपाही आरती कुमारी, जीआरपी स्टाफ रणजीत पासवान के साथ तुरंत घायल यात्री को उठाकर स्टेशन पर लगे टोटो पर बैठाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद परिजन को सूचना दी गई है।इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल यात्री गोपाल कृष्ण सिंह भागलपुर जिला के बरारी थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग रोड, LIG 17 के रहने वाले हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
