“दलसिंहसराय:घटहो में बाइक लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने सीने में दागी बुलेट,मौत,दिल्ली से लौटा था
दलसिंहसराय में शुक्रवार रात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही उसकी बाइक लूट ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई । उसके सीने में एक गोली लगी है। घटना उस वक्त हुई जब वह बाइक से सरायरंजन से घर घटहो होते हुए लौट रहा था। युवक के पास डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन भी पाया गया है, जिससे माना जा रहा है कि वह डॉक्टर से उपचार करने के बाद घर वापस लौट रहा था।
मामला सरायरंजन घटहो मुख्य सड़क पर दयाल चौक के पास की है। मृतक की पहचान विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के हरपुर बोचहा के दुबहा वार्ड-12 निवासी राम प्रवेश पटेल का बेटा शिवम कुमार (25) के रूप में की गई है.
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घटहो थाना के अलावा दलसिंहसराय की सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस छानबीन में जुट गई है।घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक दिल्ली में काम करता है। पिछले दिनों उसके बहनोई की मौत हो गई थी। जिस कारण वह कुछ दिन पहले अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दिल्ली से लौटा था । वह बीमार भी रह रहा था, जिस कारण उसका उपचार दिल्ली से चल रहा था।
शुक्रवार को वह डॉक्टर से दिखवाने के लिए समस्तीपुर बाइक से आया था। इसी दौरान उसे काफी देर हो गई। रात अकेले ही वह वापस हरपुर बोचहा गांव लौट रहा था । जिस वक्त घटना हुई उस वक्त तेज बारिश हो रही थी।
बदमाशों ने नजदीक से मारी गोली
कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया और नजदीक से गोली मार दी और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। बाद में लोगों ने सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखा तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल उठाकर सदर अस्पताल लाया, जहां देर रात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।बदमाशों की संख्या कितनी थी और किस वजह से युवक को गोली मारी गई है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है । माना जा रहा है कि लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मारी है। चुकी जिस बाइक से वह लौट रहा था वह बाइक मौके पर बरामद नहीं की गई है।
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने बताया कि बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना किस कारण से हुई है यह स्पष्ट नहीं है। क्योंकि जिस जगह पर घटनास्थल है, वह सुनसान जगह है। संभावना जताई जा रही है कि लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारी है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
