Muzaffarpur

नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया

मुजफ्फरपुर में सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड-5 में गुरुवार शाम नवविवाहिता पिंकी कुमारी का शव घर में फंदे से लटका मिला। शादी के महज छह महीने बाद हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने और शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को शव एसकेएमसीएच पहुंचा।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज के लिए किया जा रहा था परेशान

 

पिंकी जैतपुर थाना क्षेत्र के पोखरैरा दक्षिण टोला निवासी प्रभु पासवान की बेटी थी। उसकी शादी मई 2026 में सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी दिलीप पासवान से हुई थी।मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति बाइक, सोने का ब्रेसलेट और नकदी की मांग करने लगा था। पिता की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहने पर पिंकी को प्रताड़ित किया जाता था।

 

सास, देवर समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप

 

परिजनों ने आरोप लगाया कि सास सुमंती देवी, देवर रितेश पासवान और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर पिंकी की हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे से लटका दिया।शुक्रवार को एसकेएमसीएच में मौजूद पिंकी के मामा ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे परेशान किया जा रहा था। उनके मुताबिक, सास उसका मोबाइल छीन लेती थी और पति गाली-गलौज करता था। बाइक नहीं मिलने पर भी उसे ताने दिए जाते थे।

 

कई बार समझाने गए, लेकिन नहीं रुकी प्रताड़ना

 

मामा ने बताया कि परिवार के लोग कई बार पिंकी के ससुराल जाकर समझाने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन उसे परेशान करना बंद नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया और घटना के बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर चले गए।उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि पिंकी को न्याय मिलना चाहिए और मामले में किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

 

आवेदन मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई : थानाध्यक्ष

 

सरैया थानाध्यक्ष पुनि देवेंद्र कुमार ने बताया कि नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *